
Junagadh Accident: गुजरात के जूनागढ़ जिले के मजेवड़ी गांव के पास शुक्रवार (11 जुलाई) को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सोमनाथ में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे बनासकांठा जिले के एक परिवार की कार सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
खड़े ट्रक से टकराई कार, आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बनासकांठा का एक परिवार अपने स्वजन की अस्थियों के विसर्जन के लिए कार से सोमनाथ जा रहा था। इसी दौरान मजेवड़ी गांव के पास फोर-लेन हाईवे पर सड़क किनारे खराब होकर खड़े एक ट्रक से उनकी कार तेज रफ्तार में जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
चार घायल, दो की हालत गंभीर
हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस की टीम ने घायलों को जूनागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया। घायलों में से दो की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
