देशभर में बारिश का कहर: 10 लोगों की मौत, उत्तराखंड-हिमाचल में भूस्खलन और बाढ़ से हालात गंभीर

नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं लगातार जारी हैं, जबकि मिजोरम और त्रिपुरा में बाढ़ के कारण सामान्य जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में करीब 10 लोगों की मौत की खबर है। वहीं, दिल्ली, एनसीआर और राजस्थान में फिलहाल बारिश से कुछ राहत मिली है।

उत्तराखंड में 110 से अधिक सड़कें बंद

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण 110 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं, जिनमें यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल है। कई यात्री रास्तों में फंसे हुए हैं। देहरादून समेत कई जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित

हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भारी से अत्यधिक बारिश के कारण भूस्खलन, सड़कें बंद होने और पुलों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ है। शिमला सहित कई पर्यटन स्थलों पर सड़कें बंद होने से पर्यटकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कालका-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ियों से चट्टानें गिरने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। कई क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं।

मिजोरम और त्रिपुरा में बाढ़ से हालात बिगड़े

मिजोरम और त्रिपुरा में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ की वजह से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में दो लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अरुणाचल प्रदेश और नोएडा में भी हादसे

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। वहीं, नोएडा में पानी से भरे गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *