महाराष्ट्र की राजनीति में फिर बड़े उलटफेर के संकेत! तीन दिग्गज नेताओं की गुप्त बैठक से बढ़ी हलचल

Jayant Patil-Devendra Fadnavis Meeting: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की अटकलें तेज हो गई हैं। बुधवार देर रात राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल अचानक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में हुई इस बैठक ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। माना जा रहा है कि राज्य में जल्द ही कोई बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है।

NCP के दोनों गुटों के नेताओं ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

सिर्फ शरद पवार गुट ही नहीं, बल्कि अजित पवार गुट के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे ने भी देर रात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। वहीं, जयंत पाटिल मुख्यमंत्री से मिलने से पहले दक्षिण मुंबई स्थित शरद पवार के आवास ‘सिल्वर ओक’ पहुंचे थे और उनसे भी चर्चा की थी। हालांकि, इन बैठकों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

शरद पवार गुट पर राजनीतिक संकट के बादल

सूत्रों के अनुसार, शरद पवार गुट के कई विधायक एनडीए सरकार के साथ जाने के पक्ष में बताए जा रहे हैं। उनका कहना है कि विपक्ष में रहने के कारण उनके क्षेत्रों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि जयंत पाटिल ने पहले इस मुद्दे पर शरद पवार से चर्चा की और बाद में इसी विषय को लेकर मुख्यमंत्री फडणवीस से मुलाकात की।

10 विधायक और 8 सांसदों के टूटने की आशंका

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना में टूट के बाद अब शरद पवार गुट पर भी संकट गहराता नजर आ रहा है। पार्टी के पास फिलहाल 10 विधायक और 8 सांसद हैं, लेकिन इनमें से कई नेताओं के पार्टी छोड़ने की चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बैठक इसी संभावित संकट और भविष्य की रणनीति से जुड़ी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *