रथयात्रा से पहले पुरी पहुंचे केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, जगन्नाथ मंदिर में किए दर्शन, शंकराचार्य से लिया आशीर्वाद

Puri Rath Yatra 2026: भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा शुरू होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर जाने से पहले धर्मेंद्र प्रधान ने गोवर्धन पीठ पहुंचकर पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ के दर्शन से पहले शंकराचार्य का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

ओडिशा के मंत्रियों के साथ पहुंचे मंदिर

धर्मेंद्र प्रधान के साथ ओडिशा के आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्ण चंद्र महापात्र और खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने रथयात्रा से पहले आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

देशवासियों को दी रथयात्रा की शुभकामनाएं

रथयात्रा के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की यह दिव्य यात्रा सनातन परंपरा के सबसे पवित्र और भव्य उत्सवों में से एक है। यह यात्रा भगवान के श्रीजगन्नाथ मंदिर से गुंडिचा मंदिर (मौसी मां मंदिर) तक के दिव्य प्रवास का प्रतीक है।

रथों को मंदिर के सामने लाया गया

रथयात्रा की अंतिम तैयारियों के तहत पारंपरिक ‘आज्ञा माला बीजे’ अनुष्ठान के बाद तीनों रथों—भगवान जगन्नाथ का ‘नंदीघोष’, भगवान बलभद्र का ‘तलध्वज’ और माता सुभद्रा का ‘दर्पदलन’—को रथखला से श्रीजगन्नाथ मंदिर के मुख्य द्वार के सामने लाया गया।

भव्य आयोजन के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हर वर्ष की तरह इस बार भी देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु पुरी पहुंच रहे हैं। रथयात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और जनसुविधाओं के विशेष इंतजाम किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *