
Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक ही घर से एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
घर के अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गई पुलिस
पुलिस और एफएसएल टीम जब मौके पर पहुंची तो घर के अंदर चार सदस्य अचेत अवस्था में पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। वहीं परिवार का मुखिया साजिद गंभीर हालत में तड़प रहा था। हालांकि इलाज से पहले ही सभी पांचों की मौत हो गई।
रहस्यमयी चिट्ठी ने बढ़ाई जांच की दिशा
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ हस्तलिखित चिट्ठियां मिली हैं। इनमें एक युवती को बुलाने और एक रिश्तेदार के फोन नंबर का उपयोग करने का उल्लेख किया गया है। इन चिट्ठियों के मिलने के बाद पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है और पुलिस इनके आधार पर भी जांच कर रही है।
आर्थिक तंगी और कर्ज का दबाव होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह परिवार पिछले काफी समय से आर्थिक संकट से जूझ रहा था। आसपास के लोगों का दावा है कि कुछ लेनदार अक्सर घर पहुंचकर पैसे की वसूली को लेकर परिवार पर मानसिक दबाव बनाते थे।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि घटना के पीछे आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद या कोई अन्य कारण जिम्मेदार था या नहीं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी पुष्टि
पुलिस ने घटनास्थल से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
