जाम खंभालिया में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराया टेम्पो, 2 लोगों की मौत, एक किशोर गंभीर घायल

Khambhaliya Road Accident: देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया स्थित आराधना धाम के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब 3:28 बजे एक तेज रफ्तार टेम्पो (GJ18GB5258) आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा टकराया। दुर्घटना में टेम्पो में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।

दो घंटे की मशक्कत के बाद निकाले गए फंसे लोग

हादसा इतना भीषण था कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर कटर की मदद से वाहन को काटा गया और फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

14 वर्षीय किशोर की हालत गंभीर

दुर्घटना में 14 वर्षीय कौशिक परमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे कई गंभीर चोटें आई हैं। रेस्क्यू टीम ने घायल किशोर और मृतकों को तत्काल खंभालिया सिविल अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और ट्रक से पीछे टक्कर हादसे का कारण मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *