
Western Railway Train Update: दक्षिण गुजरात में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब रेलवे सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। वलसाड जिले में पारडी और उदवाड़ा रेलवे स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे मिट्टी बह जाने (बैंक स्लिपेज) के कारण मुंबई-अहमदाबाद रेलमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट करने का निर्णय लिया है।
भारी बारिश से ट्रैक हुआ क्षतिग्रस्त
पिछले 24 घंटों में वलसाड जिले में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई। कपराडा में 15.63 इंच (397 मिमी), नानापोंधा में 11 इंच, पारडी में 9.37 इंच और वलसाड शहर में 8.31 इंच बारिश हुई। लगातार वर्षा के कारण पारडी और उदवाड़ा के बीच रेलवे ट्रैक के नीचे मिट्टी खिसक गई, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हो गया।
पश्चिम रेलवे ने ट्रैक की मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है।
रद्द की गई ट्रेनें
- 69153 उमरगाम–वलसाड मेमू – रद्द
- 69154 वलसाड–उमरगाम रोड मेमू – रद्द
शॉर्ट टर्मिनेट की गई ट्रेनें
- 12934 कर्णावती एक्सप्रेस – अहमदाबाद से चलकर केवल वलसाड तक जाएगी।
- 12932 डबल डेकर एक्सप्रेस – अहमदाबाद से चलकर नवसारी तक जाएगी।
- 20908 सायाजीनगरी एक्सप्रेस – भुज से चलकर सूरत तक जाएगी।
- 12996 अजमेर–बांद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट – केवल वलसाड तक जाएगी।
- बोरीवली–वलसाड मेमू – केवल वापी तक चलेगी।
- वडोदरा–दहानू रोड पैसेंजर – केवल बिलीमोरा तक संचालित होगी।
शॉर्ट ओरिजिनेट ट्रेनें
- 12933 बांद्रा–अहमदाबाद कर्णावती एक्सप्रेस – बांद्रा की बजाय वलसाड से शाम 4:20 बजे रवाना होगी।
- 12931 मुंबई सेंट्रल–अहमदाबाद डबल डेकर एक्सप्रेस – मुंबई सेंट्रल की बजाय नवसारी से शाम 5:20 बजे चलेगी।
- 20907 दादर–भुज सायाजीनगरी एक्सप्रेस – दादर के बजाय सूरत से शाम 7:35 बजे रवाना होगी।
- 12995 बांद्रा–अजमेर सुपरफास्ट एक्सप्रेस – बांद्रा की जगह वलसाड से रात 8:15 बजे प्रस्थान करेगी।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति NTES (National Train Enquiry System) ऐप या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर अवश्य जांच लें। ट्रैक की मरम्मत पूरी होने तक परिचालन में बदलाव जारी रह सकता है।
