सीवान हिंसा पर राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर हमला, बोले- ‘दिल्ली में पैलेट गन, बिहार में AK-47… छात्रों को कुचलना चाहती है व्यवस्था’

Bihar News: बिहार के सीवान में ‘बिहार बंद’ के दौरान हुई हिंसा और फायरिंग की घटना के बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में छात्रों के खिलाफ पूरी व्यवस्था कठोर रवैया अपना रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गईं और बड़ी संख्या में छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी से पूछे सवाल

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल करते हुए कहा कि छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने और उन्हें रिहा करने के जो आश्वासन दिए गए थे, उनका क्या हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादों से पीछे हट रही है और छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली से लेकर बिहार तक एक जैसी स्थिति देखने को मिल रही है और प्रधानमंत्री को छात्रों से माफी मांगनी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

सीवान में प्रदर्शन के दौरान हिंसा और फायरिंग

शनिवार को ‘बिहार बंद’ के दौरान सीवान में प्रदर्शन हिंसक हो गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई झड़प और फायरिंग में तीन प्रदर्शनकारी घायल हो गए।

घायलों की पहचान—

  • आरिफ
  • बुलेट कुमार गोंड
  • आकाश कुमार

बताई गई है। तीनों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

वहीं, पथराव और झड़प के दौरान सीवान के एसपी पूरन कुमार झा, दो डीएसपी समेत करीब 25 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी इस घटना की निंदा की है।

पुलिस ने जांच जारी होने की कही बात

सीवान के एसपी पूरन कुमार झा ने कहा कि घायल छात्रों को गोली किसकी लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अब तक 65 लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *