
Gujarat News: गुजरात के वलसाड जिले के उमरगाम तालुका स्थित भिलाड रेलवे स्टेशन पर मंगलवार (28 जुलाई) सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। विरार-भरूच MEMU ट्रेन का इंजन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचने से पहले ही पटरी से उतर गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी यात्री के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
पटरी से उतरा इंजन, यात्रियों में मची अफरा-तफरी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विरार से भरूच जा रही MEMU ट्रेन भिलाड स्टेशन पर प्रवेश कर रही थी, तभी उसका इंजन पटरी से उतर गया। घटना के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची तथा इंजन को दोबारा पटरी पर चढ़ाने का कार्य शुरू किया। रेलवे प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
मुंबई रूट पर रेल यातायात प्रभावित
इंजन पटरी से उतरने के कारण मुंबई रूट पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ। इसके चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चलीं, जिनमें—
- वंदे भारत एक्सप्रेस
- शताब्दी एक्सप्रेस
- गुजरात एक्सप्रेस
- वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस
शामिल हैं।
ट्रेनों के विलंब से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य यात्रियों को स्टेशनों पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुछ दिन पहले भी प्रभावित हुआ था रेल मार्ग
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले वलसाड के पारडी और उदवाड़ा स्टेशनों के बीच खड़की के पास भारी बारिश के कारण रेलवे ट्रैक के निकट मिट्टी धंस गई थी, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ था। अब भिलाड स्टेशन पर इंजन के पटरी से उतरने की घटना के बाद यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है।
