
गुजरात में भारी बारिश की चेतावनी के बीच तटीय इलाकों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आगामी दिनों में तेज हवाओं और ऊंची लहरों की संभावना जताते हुए मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। इसी के चलते अमरेली जिले के जाफराबाद बंदरगाह पर नंबर-3 चेतावनी सिग्नल फहरा दिया गया है।
जाफराबाद के समुद्र में तेज करंट और ऊंची लहरें उठने के कारण एहतियात के तौर पर 700 से अधिक मछली पकड़ने वाली नौकाओं को वापस किनारे बुला लिया गया है। प्रशासन ने मछुआरों से अगली सूचना तक समुद्र में न जाने की अपील की है।
मौसम विभाग ने गुजरात के समुद्री तटों के लिए अगले पांच दिनों तक ‘फिशरमैन वॉर्निंग’ जारी की है। इस दौरान समुद्र में तेज हवाएं, ऊंची लहरें और खराब मौसम बने रहने की संभावना है।
स्थानीय प्रशासन और बंदरगाह विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने मछुआरों से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने और मौसम सामान्य होने तक समुद्र में न उतरने की सलाह दी है।
भारी बारिश और समुद्र में उग्र मौसम को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
