
Assam Flood News: असम में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के कारण हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटों में बाढ़ से 21 लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही इस वर्ष राज्य में बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, राज्य के 16 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं और 5.64 लाख से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं।
शिवसागर जिला सबसे अधिक प्रभावित
ASDMA के मुताबिक, शिवसागर जिला सबसे अधिक प्रभावित है। यहां 13 लोगों की मौत हुई है और 3.59 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
इसके अलावा जोरहाट में लगभग 87 हजार और चराईदेव जिले में 72 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राज्य के 44 राजस्व सर्किलों के अंतर्गत आने वाले 872 गांव जलमग्न हो गए हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए प्रशासन ने 71 राहत शिविर और 202 राहत वितरण केंद्र संचालित किए हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा है कि वह बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
बाढ़ के दौरान इन बातों का रखें विशेष ध्यान
- इमरजेंसी किट तैयार रखें: नकदी, मोबाइल चार्जर, पीने का साफ पानी, सूखा भोजन, टॉर्च, प्राथमिक उपचार की दवाइयां और जरूरी दस्तावेज एक सुरक्षित बैग में रखें।
- सुरक्षित स्थान पर जाएं: यदि आपका घर निचले इलाके में है तो बिना देरी किए ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
- बिजली के तारों से दूर रहें: बाढ़ के दौरान खुले बिजली के तारों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें, क्योंकि करंट लगने और डूबने का खतरा बढ़ जाता है।
