
Ahmedabad Urban Development: अहमदाबाद शहर के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) ने अर्बन चैलेंज फंड के तहत अहमदाबाद के छह महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए ₹2,719.80 करोड़ की मंजूरी दी है।
किन परियोजनाओं को मिली मंजूरी?
मंजूर किए गए प्रमुख प्रोजेक्ट्स में शामिल हैं—
- पश्चिम अहमदाबाद के मुख्य सीवर नेटवर्क के पुनर्विकास के लिए ₹852.93 करोड़।
- पूर्व अहमदाबाद के मुख्य सीवर नेटवर्क के पुनर्विकास के लिए ₹551.35 करोड़।
- शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुराने सीवर नेटवर्क के पुनर्वास के लिए ₹290.24 करोड़।
- इंटेलिजेंट वाटर मैनेजमेंट सिस्टम के लिए ₹215 करोड़।
- 125 TPD क्षमता वाली इंटीग्रेटेड स्लज मैनेजमेंट सुविधा के लिए ₹479.25 करोड़।
- इंटीग्रेटेड ट्रांजिट मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) और ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन सिस्टम (AFCS) के लिए ₹331.03 करोड़।
अहमदाबाद को क्या होगा फायदा?
इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के सीवर नेटवर्क का व्यापक आधुनिकीकरण होगा, जिससे सीवर ओवरफ्लो और लीकेज जैसी समस्याओं में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
इसके साथ ही पूरे सीवर और स्टॉर्म वाटर सिस्टम की रियल-टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग और स्मार्ट प्रबंधन संभव होगा। स्लज से बायोगैस और हरित ऊर्जा का उत्पादन कर पर्यावरण संरक्षण और सर्कुलर इकोनॉमी को भी बढ़ावा मिलेगा।
वहीं, ITMS और AFCS लागू होने के बाद AMTS, BRTS और मेट्रो के लिए कॉमन मोबिलिटी कार्ड और कॉमन जर्नी ऐप की सुविधा मिलेगी। यात्रियों को रियल-टाइम ट्रांजिट जानकारी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित रूट प्लानिंग और आधुनिक इन-बस निगरानी प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अर्बन चैलेंज फंड क्या है?
अर्बन चैलेंज फंड केंद्र सरकार की एक योजना है, जिसका उद्देश्य भारतीय शहरों में बाजार आधारित निवेश को बढ़ावा देना और आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे का विकास करना है।
इस योजना के तहत अगले 5 वर्षों में ₹1 लाख करोड़ की केंद्रीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अंतर्गत तीन प्रमुख क्षेत्रों—क्रिएटिव रिडेवलपमेंट ऑफ सिटीज, सिटीज ऐज़ ग्रोथ हब और वाटर एंड सैनिटेशन—में परियोजनाएं संचालित की जाती हैं।
गुजरात को इस योजना के तहत ₹6,475 करोड़ की केंद्रीय सहायता स्वीकृत हुई है, जिससे राज्य में लगभग ₹25,900 करोड़ की शहरी विकास परियोजनाएं शुरू की जा सकेंगी।
फंडिंग कैसे होगी?
अर्बन चैलेंज फंड के नियमों के अनुसार—
- 25% राशि केंद्र सरकार देगी।
- 25% राशि राज्य सरकार देगी।
- शेष 50% राशि नगर निगम द्वारा म्यूनिसिपल बॉन्ड, बैंक लोन या PPP मॉडल के माध्यम से जुटाई जाएगी।
इसी व्यवस्था के तहत अहमदाबाद नगर निगम (AMC) को इन छह परियोजनाओं के लिए ₹679.95 करोड़ केंद्र सरकार और ₹679.95 करोड़ राज्य सरकार से मिलेंगे, जबकि बाकी राशि AMC लोन लेकर जुटाएगा।
काम कब शुरू होगा?
फिलहाल परियोजनाओं को वित्तीय मंजूरी मिली है। निर्माण कार्य शुरू होने की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। परियोजनाओं के विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR), टेंडर प्रक्रिया और प्रशासनिक मंजूरी पूरी होने के बाद इनके कार्य प्रारंभ होने की संभावना है।
