📅 Saturday, 4 July 2026
अहमदाबाद: गुजरात में अगले 5 दिनों तक भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट, 15 से ज्यादा जिलों में चेतावनी

गुजरात में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में लगातार बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई है। शुक्रवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक राज्य के 105 तालुकों में बारिश दर्ज की गई। वहीं भावनगर जिले के महुवा में महज दो घंटे में 3 इंच से अधिक बारिश हुई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 9 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों तक कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी रहेगा।
5 जुलाई के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, सूरत, तापी, डांग, नवसारी और वलसाड जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी देते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
जूनागढ़, राजकोट, भरूच, वडोदरा, नर्मदा और छोटा उदयपुर जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
येलो अलर्ट वाले जिले
पोरबंदर, बोटाद, आनंद, पंचमहल और दाहोद जिलों में भारी बारिश की संभावना के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, निचले इलाकों में सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। तटीय क्षेत्रों के मछुआरों को भी अगले कुछ दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
