
Ahmedabad News: अहमदाबाद के चांगोदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 39.57 करोड़ रुपये मूल्य के अवैध पटाखों का विशाल जखीरा बरामद किया है। मटोडा इलाके के दो गोदामों में विस्फोटक सामग्री का भारी मात्रा में भंडारण किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 65,954 कार्टन पटाखे जब्त किए और इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शेड के पीछे पर्दा लगाकर छिपाया गया था पटाखों का जखीरा
पुलिस के अनुसार, चांगोदर पुलिस टीम मटोडा क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि मोडासर गांव चार रास्ता से अमाथापुरा जाने वाले मार्ग पर स्थित अंबिका ट्रेड लिंक परिसर में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।
जांच के दौरान दो बड़े गोदामों से अलग-अलग प्रकार के पटाखों से भरे हजारों कार्टन मिले। गोदाम के बाहर बने शेड और लॉबी में भी पटाखों के बॉक्स रखे गए थे। पुलिस के अनुसार, इन्हें लोगों की नजर से छिपाने के लिए शेड के आगे पर्दा लगाया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर
पुलिस ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री होने के बावजूद गोदाम में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।
मौके पर केवल कुछ फायर एक्सटिंग्विशर, रेत से भरी बाल्टियां और पानी की पाइप मिलीं, जबकि फायर स्प्रिंकलर सिस्टम जैसी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी। अधिकारियों के मुताबिक, आग या विस्फोट की स्थिति में आसपास के लोगों और संपत्तियों को गंभीर खतरा हो सकता था।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
इस मामले में पुलिस ने अमित कुमार मोदी और किशन पटेल को गिरफ्तार किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमित कुमार मोदी अंबिका पटाखा नाम से अहमदाबाद, बावला और वडोदरा में कुल तीन स्टोर संचालित करता था।
पुलिस अब संबंधित फर्म की वैधता, लाइसेंस की स्थिति, स्वीकृत भंडारण क्षमता और अन्य संभावित जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही गोदामों और स्टोरों को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
रामोल फैक्ट्री ब्लास्ट के बाद बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि 18 जुलाई को अहमदाबाद के रामोल स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में 10 लोगों की मौत हो गई थी।
इस मामले में पुलिस ने 20 जुलाई को मुख्य आरोपी मेहुल डोडिया और सादिक सैयद को अदालत में पेश किया था, जहां अदालत ने दोनों आरोपियों को 27 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
