
Ahmedabad Protest in Support of Sonam Wangchuk: अहमदाबाद के लॉ गार्डन स्थित हैप्पी स्ट्रीट के पास रविवार (20 जुलाई) को NEET पेपर लीक विवाद और लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने “भाजपा हाय-हाय” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर एसीपी और डीसीपी स्तर के अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए कार्रवाई की और कई लोगों को हिरासत में लिया।
कार्रवाई के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस वाहनों में बैठाकर हिरासत में लिया गया। फिलहाल कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे लॉ गार्डन क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
एम.जे. लाइब्रेरी के बाहर भी प्रदर्शन की तैयारी
प्रदर्शनकारियों ने रविवार शाम 6 बजे एम.जे. लाइब्रेरी के बाहर भी विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। इसके लिए आयोजकों ने एलिसब्रिज पुलिस स्टेशन में अनुमति के लिए आवेदन दिया है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से अनुमति को लेकर कोई आधिकारिक निर्णय या जवाब जारी नहीं किया गया था।
