
Ahmedabad Rath Yatra 2026: आषाढ़ी बीज के पावन अवसर पर आज अहमदाबाद भगवान जगन्नाथ के जयघोष से गूंज उठा। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारंपरिक ‘पाहिंद विधि’ संपन्न कर भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा का शुभारंभ कराया। इसके साथ ही भगवान जगन्नाथ नगर भ्रमण के लिए अपने भक्तों के बीच निकल पड़े।
भगवान जगन्नाथ ‘नंदीघोष’ रथ पर, माता सुभद्रा ‘देवदलन’ रथ पर और बड़े भाई बलभद्र ‘तलध्वज’ रथ पर विराजमान होकर जगन्नाथ मंदिर परिसर से भव्य यात्रा के लिए रवाना हुए।
आषाढ़ी बीज पर भक्तों में उत्साह
आषाढ़ी बीज के अवसर पर भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकले। शहर की गलियों, पोलों और मोहल्लों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान के स्वागत के लिए सुबह से ही एकत्रित दिखाई दिए।
मुख्यमंत्री ने निभाई दशकों पुरानी परंपरा
हर वर्ष की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भगवान के रथ के आगे स्वर्ण झाड़ू (सोने की सावरणी) से पारंपरिक पाहिंद विधि संपन्न की। इसके बाद उन्होंने रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और वर्षों पुरानी इस धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाया।
महाआरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रथयात्रा से एक दिन पहले मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अहमदाबाद स्थित जगन्नाथ मंदिर में आयोजित महाआरती में भाग लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आषाढ़ी बीज केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समरसता, सेवा, श्रद्धा और सांस्कृतिक एकता का उत्सव है।
उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ का नगर भ्रमण समाज के वंचित, श्रमिक और जरूरतमंद लोगों के प्रति करुणा और सेवा का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना भी की।
