
Donald Trump and USA-Iran War News: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन सैन्य कार्रवाई के दायरे को और बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स (वॉल स्ट्रीट जर्नल) के अनुसार, ट्रंप ने व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में अपने वरिष्ठ सलाहकारों और रक्षा अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें ईरान के खिलाफ तीन बड़े सैन्य विकल्पों पर चर्चा की गई।
अमेरिका के सामने तीन बड़े सैन्य विकल्प
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी प्रशासन ईरान पर दबाव बढ़ाने के लिए इन तीन विकल्पों पर विचार कर रहा है:
- हवाई हमले तेज करना: ईरान के ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य रणनीतिक ठिकानों पर एयर स्ट्राइक बढ़ाना।
- जमीनी सेना भेजना: होरमुज़ जलडमरूमध्य के पास स्थित ईरानी द्वीपों (खार्ग द्वीप सहित) पर अमेरिकी सैनिकों की तैनाती कर सैन्य नियंत्रण स्थापित करना।
- परमाणु ठिकानों पर हमला: ईरान के कथित गुप्त परमाणु केंद्र ‘पिकएक्स माउंटेन’ (Pickaxe Mountain) स्थित भूमिगत टनल परिसर पर बड़े पैमाने पर बमबारी करना, जिसे अब तक निशाना नहीं बनाया गया है।
ईरान के भीतर सैन्य कार्रवाई की तैयारी?
रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार शाम हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में होरमुज़ क्षेत्र और खार्ग द्वीप के आसपास अमेरिकी सैनिकों की संभावित तैनाती और सैन्य नियंत्रण स्थापित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
विश्लेषकों का मानना है कि इन विकल्पों पर विचार किए जाने से संकेत मिलता है कि अमेरिका ईरान के प्रति अपनी सैन्य रणनीति को और अधिक आक्रामक बनाने की तैयारी कर रहा है।
