कनाडा में अब माता-पिता को नहीं मिलेगा PR! PGP स्पॉन्सरशिप पर रोक, ‘सुपर वीजा’ ही बचा विकल्प

Canada Immigration News: कनाडा में बसे भारतीयों सहित लाखों स्थायी निवासियों (PR धारकों) और नागरिकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कनाडा सरकार ने फैमिली स्पॉन्सरशिप के तहत चलने वाले लोकप्रिय पैरेंट्स एंड ग्रैंडपेरेंट्स प्रोग्राम (PGP) के लिए नए आवेदन स्वीकार करना फिलहाल बंद कर दिया है।

कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज़ एंड सिटिजनशिप कनाडा (IRCC) ने स्पष्ट किया है कि अगले आदेश तक नए ‘इंटरेस्ट टू स्पॉन्सर’ (Interest to Sponsor) फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

नई आवेदन प्रक्रिया क्यों रोकी गई?

सरकार के अनुसार, PGP कार्यक्रम में हर साल उपलब्ध सीटों की तुलना में कई गुना अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं। वर्ष 2020 में जब आखिरी बार नए आवेदन मांगे गए थे, तब रिकॉर्ड 2,03,213 आवेदन प्राप्त हुए थे।

तब से सरकार हर वर्ष उसी सूची से लॉटरी प्रणाली के जरिए आवेदकों का चयन कर रही है। वर्तमान में इस योजना के तहत लगभग 50,900 आवेदन अभी भी लंबित हैं।

सरकार का कहना है कि लंबित मामलों का तेजी से निपटारा करने, देश में चल रहे हाउसिंग संकट को कम करने और सार्वजनिक सेवाओं पर बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के लिए नए आवेदन फिलहाल बंद किए गए हैं।

पुराने आवेदनों की प्रक्रिया जारी रहेगी

कनाडा सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने पहले ही आवेदन जमा कर दिया है, उनकी प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रहेगी।

सरकार ने वर्ष 2026 के दौरान इस कार्यक्रम के तहत 15,000 लोगों को स्थायी निवास (PR) देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह फैसला कनाडा की नियंत्रित आव्रजन नीति का हिस्सा माना जा रहा है।

अब ‘सुपर वीजा’ ही प्रमुख विकल्प

नए नियमों के बाद जो लोग अपने माता-पिता या दादा-दादी को कनाडा बुलाना चाहते हैं, उनके लिए ‘सुपर वीजा’ (Super Visa) सबसे बड़ा विकल्प रहेगा।

सुपर वीजा की प्रमुख शर्तें:

  • माता-पिता या दादा-दादी लगातार 5 वर्ष तक कनाडा में रह सकते हैं।
  • वीजा की कुल वैधता 10 वर्ष तक होती है।
  • आवेदक के लिए हेल्थ इंश्योरेंस लेना अनिवार्य होगा।
  • कनाडा में रहने वाले स्पॉन्सर को आर्थिक जिम्मेदारी उठानी होगी और न्यूनतम आय (Minimum Income Requirement) की शर्त पूरी करनी होगी।

कनाडा सरकार का यह फैसला उन हजारों परिवारों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जो PGP कार्यक्रम के माध्यम से अपने माता-पिता या दादा-दादी को स्थायी रूप से कनाडा बुलाने की उम्मीद लगाए बैठे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *