
Ottawa: कनाडा में एक व्यक्ति की जिज्ञासा और Google Maps की मदद से लगभग 39 करोड़ वर्ष पुरानी अंतरिक्षीय घटना का रहस्य सामने आया है। सप्ताहांत में घूमने के लिए नई जगह तलाश रहे एक व्यक्ति को गूगल मैप्स पर एक असामान्य गड्ढा दिखाई दिया। इसकी जानकारी वैज्ञानिकों तक पहुंची और जांच में पता चला कि यह गड्ढा करोड़ों वर्ष पहले एक क्षुद्रग्रह (Asteroid) के पृथ्वी से टकराने के कारण बना था।
वीकेंड ट्रिप की योजना से शुरू हुई खोज
कनाडा के निवासी जोएल लापोइंटे (Joel Lapointe) सप्ताहांत में घूमने के लिए नई जगह खोज रहे थे। इसी दौरान गूगल मैप्स पर अलग-अलग स्थान देखते समय उनकी नजर एक बेहद अलग आकार के गड्ढे पर पड़ी।
गड्ढे का आकार और बनावट सामान्य नहीं लगी। जिज्ञासावश वह स्वयं उस स्थान पर पहुंचे, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसकी उत्पत्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
वैज्ञानिकों ने की जांच, सामने आया बड़ा खुलासा
जोएल लापोइंटे ने इस खोज की जानकारी वैज्ञानिकों को दी। इसके बाद प्रोफेसर जॉर्डन ओसिंस्की (Jordan Osinski), फ्रांस के वैज्ञानिक जेरोम गटाकेका (Jérôme Gattacceca) और अन्य विशेषज्ञों की टीम ने दुर्गम जंगलों में स्थित उस स्थान का सर्वेक्षण किया।
वैज्ञानिकों ने वहां से चट्टानों और मिट्टी के नमूने एकत्र कर विस्तृत वैज्ञानिक परीक्षण किए। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि यह गड्ढा मानव निर्मित नहीं है, बल्कि करीब 39 करोड़ वर्ष पहले पृथ्वी से एक क्षुद्रग्रह की टक्कर के कारण बना था।
स्थानीय जनजाति के नाम पर रखा गया क्रेटर का नाम
शोधकर्ताओं ने इस क्रेटर का नाम उस क्षेत्र में रहने वाली स्थानीय आदिवासी समुदाय के सम्मान में ‘उहाचाटिक (Uhachatik)’ रखा है।
वैश्विक सम्मेलन में पेश होगा शोध
वैज्ञानिक अब इस महत्वपूर्ण खोज को एक अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में प्रस्तुत करेंगे। शोधकर्ताओं का मानना है कि पृथ्वी पर कई उल्कापिंड क्रेटर पहले भी मिले हैं, लेकिन Google Maps पर एक आम व्यक्ति द्वारा पहचान के बाद इतने प्राचीन क्रेटर की खोज का यह अपने प्रकार का अनोखा मामला है।
यह खोज आधुनिक डिजिटल तकनीक और वैज्ञानिक अनुसंधान के मेल का एक महत्वपूर्ण उदाहरण मानी जा रही है।
