
E20 Petrol Ethanol Blending: पेट्रोल में 20% एथेनॉल मिश्रण (E20 Fuel) को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और आशंकाओं के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन लोगों को एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल नहीं चाहिए, वे पेट्रोल पंप से 100% शुद्ध पेट्रोल खरीद सकते हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें अधिक कीमत चुकानी होगी। साथ ही, ईंधन की गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए सरकारी तेल कंपनियों ने देशभर में जांच अभियान भी तेज कर दिया है।
देश के सभी पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है E20
जब नितिन गडकरी से पूछा गया कि क्या पेट्रोल पंपों पर E10 (10% एथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल का विकल्प उपलब्ध कराया जा सकता है, तो उन्होंने कहा कि देश पहले ही 20% एथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल कर चुका है और अब E20 ईंधन देश के लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध है, इसलिए पुराने विकल्प पर लौटना व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने दोहराया कि E20 ईंधन से वाहनों को नुकसान होने के दावों का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
IIT कानपुर का दावा: E20 से इंजन सुरक्षित
इस बीच आईआईटी कानपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की इंजन रिसर्च लैबोरेटरी के प्रोजेक्ट साइंटिस्ट ध्रुव राज करण ने कहा कि व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन में पाया गया है कि E20 ईंधन से इंजन को कोई नुकसान नहीं होता। इससे न तो इंजन में जंग लगती है और न ही कोई तकनीकी खराबी आती है।
माइलेज पर ड्राइविंग स्टाइल का ज्यादा असर
आईआईटी कानपुर की रिपोर्ट के अनुसार, E20 ईंधन के कारण माइलेज में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं देखी गई। माइलेज में होने वाला सामान्य अंतर वाहन चलाने के तरीके, सड़क की स्थिति और समय पर रखरखाव पर अधिक निर्भर करता है। परीक्षणों में इंजन की क्षमता या वाहन के प्रदर्शन पर E20 का कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पाया गया।
तेल कंपनियों ने गुणवत्ता जांच की तेज
सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने अपने सभी रिटेल आउटलेट्स पर ईंधन की गुणवत्ता की जांच और सख्त कर दी है। कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अप्रमाणित सोशल मीडिया पोस्ट पर भरोसा न करें और किसी भी शिकायत की स्थिति में सीधे पेट्रोल पंप या कंपनी के आधिकारिक ग्राहक सेवा केंद्र से संपर्क करें।
