बनासकांठा में दर्दनाक सड़क हादसा: पालनपुर के पास एसटी बस और रिक्शा की टक्कर, 3 की मौत, 6 घायल

Gujarat News: गुजरात के बनासकांठा जिले में पालनपुर के पास स्थित खरोडिया चौराहे पर बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक यात्री ऑटो रिक्शा और गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम (GSRTC) की बस के बीच आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर के बाद रिक्शा के उड़े परखच्चे

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वडगाम की ओर से आ रहा यात्री रिक्शा सामने से आ रही GSRTC बस से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

108 एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

घटना की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पालनपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पालनपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा सड़क पर लगे जाम को हटाकर यातायात सामान्य कराया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *