
Mumbai Pune Train Cancelled: महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण भोर घाट सेक्शन में हुए बड़े भूस्खलन से मुंबई-पुणे रेल मार्ग बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मध्य रेलवे ने 17 जुलाई तक इस रूट पर चलने वाली कुल 30 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें 14 दैनिक ट्रेनें, 8 विशेष तिथियों पर चलने वाली ट्रेनें और 8 स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से वैकल्पिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है।
प्रमुख ट्रेनें रद्द, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
ट्रेनों के रद्द होने से रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के साथ-साथ लंबी दूरी के सफर करने वालों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, मुंबई-पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस, सीएसएमटी-हैदराबाद एक्सप्रेस, चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट मेल और हुबली-दादर एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण रेल सेवाएं शामिल हैं।
तीनों रेलवे लाइनें क्षतिग्रस्त, युद्धस्तर पर मरम्मत जारी
6 जुलाई को हुई मूसलाधार बारिश के बाद कर्जत और लोनावला के बीच ठाकुरवाड़ी तथा मंकी हिल क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे रेलवे की तीनों लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। रेलवे विभाग युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटा है, लेकिन दुर्गम पहाड़ी इलाका और लगातार खराब मौसम काम में बाधा बन रहे हैं। अब तक तीन में से केवल एक लाइन को ही चालू किया जा सका है, जबकि बाकी दो लाइनों पर मरम्मत का कार्य जारी है।
यात्रियों को राहत देने के लिए 200 अतिरिक्त बसें
रेल सेवाएं बाधित होने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) ने बड़ा फैसला लिया है। शनिवार से मुंबई-पुणे मार्ग पर प्रतिदिन 200 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इस रूट पर पहले से 312 ई-शिवनेरी बसें संचालित हो रही हैं। अतिरिक्त बसों के शुरू होने से यात्रियों को यात्रा में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
