
Diljit Dosanjh on CJP Protest: दिल्ली में कथित NEET परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के बाद पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने खुलकर छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि छात्रों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए और उनकी मांगों को सुना जाना चाहिए।
‘मुझे फिर देशद्रोही कहा जाएगा’
दिलजीत दोसांझ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा,
“आज जो हुआ, वह बहुत गलत हुआ। छात्रों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए। मैं अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि वे छात्रों की मांगें सुनें।”
उन्होंने आगे किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी उन्हें अपनी राय रखने पर “एंटी-नेशनल (देशद्रोही)” कहा गया था और इस बार भी ऐसी आलोचना होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि किसान आंदोलन के बाद उन्हें कई कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिन पर वह फिलहाल खुलकर बात नहीं कर सकते।
पहले बनाई थी दूरी, अब दिया खुला समर्थन
गौरतलब है कि जुलाई की शुरुआत में दिलजीत दोसांझ ने एक इंस्टाग्राम लाइव के दौरान CJP आंदोलन से दूरी बनाते हुए कहा था कि वह एक कलाकार हैं, राजनेता नहीं। हालांकि, हालिया पुलिस कार्रवाई के बाद उन्होंने छात्रों के समर्थन में सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी।
कई अन्य कलाकार भी छात्रों के समर्थन में
दिलजीत के अलावा कई फिल्मी हस्तियों ने भी छात्रों के प्रति समर्थन व्यक्त किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रितेश देशमुख, जेनेलिया देशमुख, सोनू सूद, वीर दास, दिया मिर्जा, सोहा अली खान, अदिति राव हैदरी और अन्य कलाकारों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ एकजुटता जताते हुए उनकी मांगों पर संवाद की अपील की है।
क्या है मामला?
दिल्ली में CJP के नेतृत्व में छात्र कथित NEET परीक्षा अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। संसद मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी, जिसके बाद कई लोग घायल हुए। इसके बाद यह आंदोलन देशभर में चर्चा का विषय बन गया।
