
Surat News: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में स्थानीय कानूनों और नियमों के कथित उल्लंघन के आरोप में डिपोर्ट किए गए 60 भारतीय नागरिक बुधवार को सूरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। सभी यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-274 से भारत लौटे। उनके सूरत पहुंचते ही एयरपोर्ट पर सुरक्षा और इमिग्रेशन एजेंसियां सतर्क हो गईं और सभी यात्रियों की जांच शुरू की गई।
दुबई स्थित भारतीय दूतावास ने की मदद
जानकारी के अनुसार, डिपोर्ट किए जाने से पहले दुबई स्थित भारतीय दूतावास ने इन सभी नागरिकों की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने में सहायता की। दूतावास ने उन्हें भारत लौटने के लिए इमरजेंसी सर्टिफिकेट (Emergency Certificate) और अन्य अस्थायी यात्रा दस्तावेज उपलब्ध कराए। यूएई प्रशासन ने स्थानीय नियमों के उल्लंघन के आरोप में इन सभी नागरिकों को भारत वापस भेज दिया।
सूरत एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन की सख्त जांच
सूरत एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद इमिग्रेशन विभाग ने सभी 60 यात्रियों से पूछताछ की और उनके यात्रा दस्तावेजों तथा पृष्ठभूमि की विस्तृत जांच की। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही उन्हें एयरपोर्ट से बाहर जाने की अनुमति दी गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, डिपोर्ट किए गए अधिकांश भारतीय बिहार, उत्तर प्रदेश और पंजाब के रहने वाले हैं, जो रोजगार या अन्य कारणों से यूएई गए थे।
